E-Paperhttps://crimepath.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमछत्तीसगढ़

मौत के दो महीने बाद भी सरकारी ड्यूटी पर कर्मचारी!

घुटरीटोला चेकपोस्ट की ड्यूटी सूची में मृत रोजगार सहायक का नाम, खाद्य शाखा की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

मनेन्द्रगढ़ / एमसीबी। दीपेंद्र शर्मा 
सरकारी विभागों में आदेश जारी करने से पहले क्या कर्मचारियों के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाता है? मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खाद्य शाखा द्वारा जारी एक सरकारी आदेश ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस कर्मचारी की करीब दो माह पहले मृत्यु हो चुकी है, उसका नाम धान खरीदी के दौरान घुटरीटोला चेकपोस्ट में ड्यूटी के लिए जारी सूची में शामिल कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर कार्यालय से 5 नवंबर 2026 को आदेश क्रमांक I/450563/2026 जारी किया गया था। इस आदेश में धान उपार्जन अवधि के दौरान घुटरीटोला चेकपोस्ट पर तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
इसी ड्यूटी सूची में ग्राम पंचायत बौरीडांड के रोजगार सहायक दलप्रताप सिंह का नाम भी शामिल है। जबकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार दलप्रताप सिंह का लगभग दो माह पहले ही निधन हो चुका था।
मृत कर्मचारी का नाम सूची में कैसे पहुंचा?
इस पूरे मामले ने विभागीय रिकॉर्ड के रखरखाव और आदेश जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा कैसे हुआ कि कर्मचारी की मृत्यु के बाद भी उसका नाम सरकारी ड्यूटी सूची में शामिल कर दिया गया? क्या आदेश तैयार करने से पहले कर्मचारियों की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं ली गई?
डिजिटल हस्ताक्षर के बाद भी चूक कैसे?
जारी आदेश पर अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार के डिजिटल हस्ताक्षर भी दर्ज बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह सवाल महत्वपूर्ण हो जाता है कि आदेश तैयार करने, सूची का सत्यापन करने और उसे अनुमोदित करने की जिम्मेदारी किन अधिकारियों और कर्मचारियों की थी।
जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
यह मामला केवल एक नाम की गलती तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी कामकाज में जवाबदेही और सत्यापन व्यवस्था से भी जुड़ा है। जिला प्रशासन को पूरे प्रकरण की जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि मृत कर्मचारी का नाम ड्यूटी सूची में किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में शामिल हुआ।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराता है और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करता है या फिर यह मामला भी सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!