रामानुजनगर अस्पताल में पालने में मिला नवजात, अज्ञात माता-पिता छोड़कर हुए फरार
3-4 दिन के मासूम को बाल संरक्षण विभाग ने लिया संरक्षण में, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
क्राईम पथ दीपेंद्र शर्मा
रामानुजनगर से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अज्ञात माता-पिता अपने नवजात बच्चे को पालने में छोड़कर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पालने में छोड़ा गया नवजात करीब तीन से चार दिन का लड़का बताया जा रहा है। अस्पताल स्टाफ ने बच्चे को देखा तो तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बाल संरक्षण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी स्वास्थ्य जांच और देखभाल की जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बच्चे की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। बाल संरक्षण विभाग द्वारा नवजात के माता-पिता और परिजनों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बच्चे के परिजन नहीं मिलते हैं, तो नियमानुसार बच्चे को मातृछाया गृह में सुरक्षित रखा जाएगा।
फिलहाल यह मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है और पुलिस अज्ञात माता-पिता की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


