कौशांबी में कानून को चुनौती: छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला
वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची थी पुलिस, 'चोर-चोर' की आवाज सुनते ही जुटी भीड़, पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
क्राइम पथ दीपेंद्र शर्मा
एमसीबी/कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब वांछित आरोपियों की तलाश में पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
घटना में छत्तीसगढ़ पुलिस के आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के देवनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों—आकाश, शिवम केशरवानी और उसके एक साथी—की तलाश में पुलिस टीम कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित ईचौली गांव पहुंची थी। पुलिस ने पहले आरोपी आकाश को हिरासत में लिया और फिर दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची।
बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही शिवम ने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से ‘चोर-चोर’ चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बिना सच्चाई जाने लोगों ने पुलिस टीम को चोर समझ लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम संभल नहीं पाई और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगी। हमले में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
- घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीन ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच जारी है और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
बड़ी बात
एक फरार आरोपी को बचाने के लिए लगाए गए ‘चोर-चोर’ के शोर ने पूरे गांव को उकसा दिया और देखते ही देखते कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली यह बड़ी घटना सामने आ गई।


