Welcome to Crime Path   Click to listen highlighted text! Welcome to Crime Path
Uncategorized

स्वास्थ्य केंद्र में नशे का खेल, जांच के बाद कर्मचारी निलंबित

सोशल मीडिया शिकायत के बाद जांच में हुई पुष्टि, सीएमएचओ ने की सख्त कार्रवाई

एमसीबी। जिले के बरबसपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारी पर शराब के नशे में ड्यूटी करने के आरोप सही पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र बरबसपुर में पदस्थ सागर कुर्रे (एएनएम/एएचओ पुरुष) के खिलाफ सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि वह शराब के नशे में ड्यूटी कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड स्तरीय जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान न केवल मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई, बल्कि औचक निरीक्षण में भी संबंधित कर्मचारी शराब के नशे की हालत में ड्यूटी करते हुए पाया गया। जांच रिपोर्ट सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए सागर कुर्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सीएमएचओ का दो टूक संदेश

मीडिया से चर्चा में सीएमएचओ ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की जान और स्वास्थ्य से जुड़ी जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों द्वारा नशे की हालत में ड्यूटी करना बेहद गंभीर मामला है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

निलंबन अवधि में नागपुर रहेगा मुख्यालय
जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान सागर कुर्रे का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने साफ संकेत दे दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

✍️ दीपेंद्र शर्मा
विशेष संवाददाता | क्राइम पथ न्यूज़
📞 9343040435 | 9399761114

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!