Welcome to Crime Path   Click to listen highlighted text! Welcome to Crime Path
https://crimepath.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifUncategorized

30 मिनट में पहुंचेगी 108 एम्बुलेंस सेवा, एमसीबी जिले को मिली 12 नई संजीवनी एक्सप्रेस

चिरमिरी से हरी झंडी दिखाकर रवाना, जनप्रतिनिधियों ने बताया स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार

30 मिनट में पहुंचेगी 108 एम्बुलेंस सेवा, एमसीबी जिले को मिली 12 नई संजीवनी एक्सप्रेस

चिरमिरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज बड़ा बाजार स्थित दुर्गा पंडाल परिसर से 12 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिरमिरी महापौर राम नरेश राय ने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया, जबकि अध्यक्षता नगर पालिक निगम चिरमिरी के सभापति संतोष सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा आम जनता के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, गर्भवती महिलाओं सहित आपातकालीन परिस्थितियों में यह सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि नई एम्बुलेंस मिलने से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संतोष सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है और 108 एम्बुलेंस सेवा इस दिशा में एक बड़ा कदम है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन नई एम्बुलेंस के शुरू होने से जिले में आपातकालीन सेवाएं और तेज होंगी। अब मरीजों को कम समय में एम्बुलेंस उपलब्ध होगी और उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
ज्ञात हो कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर से 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी क्रम में एमसीबी जिले को 12 नई एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं।
बताया गया कि प्रदेश में अब 108 सेवा डायल करने के 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। हर एम्बुलेंस में प्रशिक्षित टेक्नीशियन मौजूद रहेगा, जो मरीज को अस्पताल पहुंचने तक जीवन रक्षक सहायता प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने एम्बुलेंस का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बेहतर सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व महापौर डमरू बेहरा, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, एमआईसी सदस्य नीलम सलूजा, मनीष खटीक, भाजपा नेता राजकुमार बधावन, पुरुषोत्तम सोनकर, धर्मेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप सालुजा, काकू दा, बबलू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रीत जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डीपीएम शिशिर जायसवाल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!